अर्जुन कपूर ने यशराज बैनर की फिल्म ‘इश्कजादे’ से कॅरियर की शुरुआत की थी। अपने दो साल के कॅरियर में उन्होंने कुल पांच फिल्में की। इनमें एक भी फिल्म के निर्माता उनके पिता बोनी कपूर नहीं थे।
अब वह पहली दफा अपने पिता और चाचा संजय कपूर की फिल्म ‘तेवर’ में नए अंदाज में दिखेंगे। इसमें वह मथुरा के पिंटू शुक्ला का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म की कहानी आम प्रेम कहानी नहीं है। राधिका (सोनाक्षी सिन्हा) को एक बाहुबली बेइंतहा प्यार करता है। वह उससे भागने की कोशिश कर रही होती है। परिस्थितिवश राधिका व पिंटू करीब आ जाते हैं। फिल्म के निर्देशक अमित शर्मा उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखते हैं। वहां पले बढ़े हैं।अर्जुन कपूर के तेवर कैसे लगे यह तो दर्शक ही बताएंगे।