मायापुरी अंक 2.1974
मशहूर नर्तकी अभिनेत्री लक्ष्मी छाया हीरोइन बनने के सपने संजोए हुए ही फिल्म उद्योग त्यागकर लन्दन जाने की तैयारी मे है। लक्ष्मी छाया की एक चचेरी बहन अमेरीका में रहती है। उसने लन्दन निवासी एक नवयुवक को लक्ष्मी छाया की तस्वीर दिखाकर मोहित कर दिया है। लड़के ने लक्ष्मी की बहन द्वारा रिश्ते की बात छेड़ दी है। लक्ष्मी छाया ने अभी उस लड़के को नही देखा किन्तु उसकी बहन के कहने के अनुसार लड़का खूबसूरत है। जिसने लक्ष्मी का फोटो देखकर ही उसे पसन्द कर लिया हो उसके लिए लक्ष्मी के दिल में उथल-पुथल मचना आवश्यक है लक्ष्मी ने दबे शब्दों में अपनी आज्ञा दे दी है फिर भी बाकायदा बातचीत दीवाली पर लड़के के भारत आने पर ही होगी।
लक्ष्मी छाया के लिए यह एक अच्छा अवसर है। अब तक उसे हीरोइन बनाने का झांसा देने वाले ही मिले है। यह (लन्दन निवासी नौजवान) पहला आदमी है जो सच्चे दिल उसे अपने घर की हीरोइन बनाना चाहता है। लक्ष्मी को यह अवसर नही खोना चाहिये। आखिर वह कब तक दूसरों के लिए पैसे कमाने की मशीन को तौर पर काम करती रहेगी। एक-न-एक दिन घर तो बसाना ही है, तो फिर अभी क्यों नही?