स्टार प्लस जल्दी ही अपना नया टीवी ड्रामा ‘जाना ना दिल से दूर’ पेश करने वाला है। शो की शूटिंग जोरशोर से जारी है। शो का खूबसूरत सेट राजस्थान के अजमेर में लगाया गया है और यह शो रिश्तों और प्यार पर एक नए अंदाज से बात करने का वादा करता है। यह एक प्रेम कहानी है जहां प्रेम कहानी में वर्गभेद की दीवार आड़े आती है और यह रिश्ता खत्म हो जाता है लेकिन फिर प्यार और रिश्तों की एक और अर्थपूर्ण यात्रा शुरू होती है।
जाना ना दिल से दूर विविधा (शिवानी सुर्वे अभिनीत) नाम की एक लड़की की कहानी है जो स्वभाव से बहुत अच्छे दिल की और सबकी देखभाल करने वाली एक आज्ञाकारी लड़की है। वह अपने पिता की बहुत इज्जत करती है और उसकी जिंदगी उसके परिवार द्वारा लगाए गए बंधनों के इर्दगिर्द घूमती है। इत्तेफाक से उसकी मुलाकात निडर और सौम्य अथर्व (विक्रम सिंह चैहान अभिनीत) से होती है जो बहुत सहज और मेहनती जिंदगी जीता है, उसे उससे प्यार हो जाता है। पूरी तरह से अलग माहौल में पली बढ़ी विविधा के लिए अथर्व का बेपरवाह नजरिया उसे ताजी हवा के झोंके की तरह महसूस होता है और अथर्व की आंखों से वह उस आसमान को देख पाती है जिसे उसने कभी नहीं देखा था। क्या यह प्यार हमेशा रहेग और क्या विविधा के परिवार वाले इस वर्गभेद को स्वीकार करेंगे ?
एक लड़की की परी कहानियों से लेकर जिंदगी की कड़वी सच्चाइयों का सामना करने तक के सफर का सफरनामा जो दिखाएगा कि प्यार कैसे मजबूत बनाकर आपको एक अलग ही इंसान बना देता है। बियाॅण्ड ड्रीम प्रोडक्शन के यश पटनायक निर्मित ‘जाना ना दिल से दूर’ में अपर्णा घोषाल, विनीत कुमार और शिल्पा तुलस्कर की भी मुख्य भूमिकाएं हैं। शो का प्रसारण जल्दी ही स्टार प्लस पर होगा।