/mayapuri/media/post_banners/bf5ddf5879bb0973a0a8455b4aed7685a0239590880ef261a0c74ff3a99c61d6.jpg)
शाहरुख खान, जिन्हें अब तक ‘बॉलीवुड के बादशाह’ के रूप में भी जाना जाता रहा है लेकिन अब उनके चाहने वाले उन्हें बॉलीवुड का भारतीय पठान के नाम से पुकारने लगे हैं। शाहरुख की सबसे बड़ी खासियत यह है कि वे भारत के सबसे प्रसिद्ध और प्रिय अभिनेताओं में से एक होने और 90 से अधिक बॉलीवुड फिल्मों में अभिनय करने तथा ढेर सारे भारतीय और विदेशी पुरस्कार जीतने के बावजूद आज भी जमीन से जुड़े हुए है। उन्हें आज भी दिल्ली की वो गलियां याद है जहां वो अपने दोस्त पार्टी के साथ दौड़ते भागते होली खेला करते थे, फुटबॉल खेला करते थे या फिर यूँ ही बेवजह दोस्तों के साथ घूमते फिरते थे। शाहरुख के बारे में कुछ भी छुपा नहीं है, आज अगर वे एक छींक भी मार दे तो वो एक न्यूज बन जाता है लेकिन बहुत से लोग ये नहीं जानते कि शाहरुख को भले ही अपनी काबिलियत, हुनर, लायकात पर बहुत गुरूर हो लेकिन वो कभी भी मगरूर नहीं रहे, ना पहले थे, ना आज है, भले ही ‘पठान’ की रेकॉर्ड तोड़ कामयाबी ने उन्हें बॉलीवुड का ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया का हीरो बना दिया हो। ये वो धरती का इंसान है जो अपनी सेफ्टी भूलकर कहीं भी अपने चाहने वालों के साथ बतियाने लगते हैं। होली के दिन, ऐसा कितनी बार हुआ कि वे आम पब्लिक के बीच होली खेलने उतर गए थे। पूछने पर उन्होंने कहा था, ‘क्या फर्क पड़ता है, होली मेरी पसंदीदा त्योहार है, और होली अकेले तो खेली नहीं जाती।’ जब एक बार शाहरुख से होली को लेकर उनके मन के भाव पूछा था तो उन्होंने कहा था, ‘होली के वाइब्रेंट रंग, जीवन के स्प्रिंग सीजन को दर्शाता है, मुझे रंगों के इस खूबसूरत त्योहार से बेपनाह प्यार है। ये त्योहार मुझे दिल्ली की उन गालियों की याद दिलाती है जहां हम अपने दोस्तों के साथ दुनिया भर के खेल खेलते थे। सर से पांव तक रंग में डूबे दौड़ते भागते थे और कितनी मस्ती करते थे। वो दिन अब कहीं खो गए। जब हम बच्चे थे तो इंतजार करते थे कि कब बड़े हो जाए और कुछ बन कर दिखाएं और आज जब वो मुकाम हासिल हो चुका है तो दिल वापस बचपन को पाने के लिए तड़पता है, आज भी हम होली खूब मनाते हैं, बहुत धूमधाम से मनाते हैं, अपने घर में होली पार्टी का आयोजन करते हैं, बड़े बड़े शख्सियतों के घरों पर रखी होली के जश्न में शामिल होते हैं लेकिन वो लुत्फ कहाँ मिलता है जो बचपन में यारों के साथ सुबह सुबह बाल्टियों में रंग घोलने में मजा आता था, वो पॉकेट मनी में से पैसे बचा बचा कर तरह तरह के रंग खरीदने का थ्रिल आज के कलर से भरे पूल में डुबकी लगाने में कहाँ?’
खबरों की माने तो बचपन में, दिल्ली में बड़े हुए शाहरुख खान का होली मनाने का अपना अलग तरीका था। बताया जाता है कि एक इंटरव्यू में उन्होंने एक बार अपने बचपन के होली सेलिब्रेशन की कुछ यादें शेयर की थीं। उन्होंने कहा था, ‘कई बार दिल्ली में हम फूलों और पत्तियों से बने प्राकृतिक रंगों से भी होली खेलते थे। हम बगीचे में जाते थे और फूल और पत्ते तोड़ते थे, उन्हें पीसते थे, और रंग बनाने के लिए पानी में मिलाते थे।’
उन्होंने अपने परिवार में, इस त्योहार के महत्व के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा, ‘हमारे परिवार में होली हमेशा से एक बड़ा उत्सव रहा है। हम अपने सभी रिश्तेदारों और दोस्तों को अपने घर बुलाते थे, और हम एक साथ होली खेलते थे। मेरी माँ खास पकवान बनाती थीं और हम सब साथ बैठकर इस दिन का आनंद लेते थे।’
शाहरुख खान के बचपन की होली सिर्फ रंगों से खेलने तक सीमित नहीं थी। वे परिवार और दोस्तों के साथ, समय बिताने और एक-दूसरे की कंपनी का आनंद लेने वाले भी थे। उन्होंने याद किया कि कैसे उनकी माँ बेस्ट गुझिया बनाती थीं जो कि आटे से बनी एक मीठी मिठाई होती है जिसमें खोया और सूखे मेवे भरे होते थे। होली में गुझिया बनाना एक पारंपरिक व्यंजन है।
शाहरुख खान, होली के प्रति अपने प्यार के लिए शुरू से ही जाने जाते रहे हैं और बचपन में जहां दिल्ली की होली का जमकर मजा लेते रहें वहीं जब से मुंबई शिफ्ट हुए, तब से बॉलीवुड के अपने दोस्तों और अपने परिवार के साथ त्योहार मनाते हैं। उन्होंने इंटरव्यू में होली के त्योहार के लिए अपने प्यार के बारे में हमेशा उत्साह के साथ बात की, यह कहते हुए कि हम सब जीवन में अपनी अपनी व्यस्तताओं में डूबे रहते हैं, किसी को किसी के लिए फुर्सत नहीं होती है लेकिन ये त्योहार ही है जो हम सबको एक साथ जुड़ने और जश्न मनाने का समय देती है। उनसे जब कभी सवाल किया गया था कि होली को लेकर उनके दिल में क्या भावनाएँ उठती है तो उन्होंने कहा था, ‘होली हमारे भारत में सबसे खूबसूरत और आनंदमय त्योहारों में से एक है। यह एक ऐसा दिन है जब सभी उम्र और पृष्ठभूमि के लोग स्प्रिंग सीजन (वसंत का मौसम) के आने का जश्न मनाने के लिए एक साथ मिलते हैं। होली से सम्बन्धित कई बहुत सुन्दर कथायें भी है। होली हमारे सभी मतभेदों को भुलाकर इस पल का आनंद लेने का समय है।
कोरोना काल के पहले तक शाहरुख खान अपने परिवार और दोस्तों के साथ मुंबई में अपने घर पर हर साल होली की पार्टी का आयोजन करते थे, अपने बॉलीवुड कलीग्स के होली पार्टियों में शिरकत करते थे और अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर जश्न की तस्वीरें भी पोस्ट करते थे जिसमें उन्हें रंगीन गुलाल में सर से पाँव तक रंगा हुआ और अपने प्रियजनों से घिरा हुआ दिखाया गया था। एक वीडियो में, शाहरुख अपने सबसे छोटे बेटे अबराम के साथ लोकप्रिय होली गीत ‘रंग बरसे’ पर डांस करते भी दिखे। एक अन्य वीडियो में शाहरुख और उनकी पत्नी गौरी एक-दूसरे पर रंग फेंकते और हंसते नजर आयें। शाहरुख की धर्मपत्नी गौरी एक पंजाबी हिन्दू हैं। यह जोड़ी अपने मजबूत और अटूट रिश्ते के लिए एक मेड फॉर ईच अदर कपल के रूप में जाने जाते हैं, और उन्होंने एक नियम ही बना रखा है कि हर त्योहार, पूरा परिवार एक साथ, एक छत के नीचे मनाने के लिए अपनी सारी व्यस्तताओं को दो तीन दिन के लिए ताक पर रखेंगे। विशेषकर होली का आनंदमय उत्सव, एक दूसरे के लिए तथा जीवन भर के लिए उनके प्यार का एक वसीयतनामा है। शाहरुख, उनकी पत्नी गौरी, बड़ा बेटा आर्यन, बेटी सुहाना और नन्हे से बेटे अबराम के धूमधाम से होली मनाते तस्वीरों से नेट की दुनिया रंगीन नजर आती है। उन्होंने हर बार होली पर अपने फैंस को ढेर सारे प्यार और एकता के संदेश के साथ अपने परिवार की होली तस्वीरों को कैप्शन देते हुए लिखा था, ‘होली केवल रंग खेलने के बारे में नहीं है, यह प्यार और खुशी फैलाने के बारे में भी है। आइए इस खूबसूरत त्योहार को अपने प्रियजनों के साथ मनाएं और अपने आस-पास के लोगों में खुशियां फैलाएं।’
शाहरुख सिर्फ एक बेहतरीन एक्टर ही नहीं बल्कि एक बेहद ज्ञानी और हर विषय पर गहन चिंतन करने, हर विषय को जानने, समझने और सीखने के इच्छुक इंसान भी हैं। उन्होंने एक बार कहा था, होली का अर्थ सिर्फ आनन्द मस्ती और उत्सव मनाना नहीं है। होली त्योहार, क्षमा करने और गई बीती तल्खियों को भूलने का भी एक सुन्दर समय है, यह शिकायतों को दूर करने और नए सिरे से शुरुआत करने का समय है। यह एकता का त्योहार है, लोग एक-दूसरे के साथ मिठाइयों और शुभकामनाओं का आदान-प्रदान करते हैं और उन लोगों के साथ रिश्ते सुधारने की कोशिश करते हैं जिनके साथ उनके अतीत में किसी बात को लेकर तना तनी रही हो। आइए इस खूबसूरत त्योहार का आनन्द, उन लोगों के साथ शांति बनाने के अवसर के रूप में लें जिनके साथ हमारी अतीत में कुछ गलतफहमियां हुई हो।
शाहरुख खान ने वर्ष 2023 की होली के लिए अपने फैंस और पाठकों को ढेर सारी बधाईयाँ देते हुए कहा, हैपी होली, और पठान को दिल खोलकर प्यार देने के लिए शुक्रिया कहा।