करण ओबेरॉय पर रेप का आरोप लगाने वाली ज्योतिष महिला गिरफ्तार

author-image
By Sangya Singh
New Update
करण ओबेरॉय पर रेप का आरोप लगाने वाली ज्योतिष महिला गिरफ्तार

टीवी एक्टर और सिंगर करण ओबेरॉय पर दुष्कर्म का झूठा केस दर्ज कराने वाली महिला को मुंबई पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। करण ओबेरॉय को कथित तौर पर महिला से दुष्कर्म व ब्लैकमेलिंग के आरोप में 6 मई को गिरफ्तार किया गया था। ओबेरॉय को बॉम्बे हाईकोर्ट ने 7 जून को जमानत दी थी।

पुलिस उपायुक्त मंजूनाथ शिंगे ने ओशिवारा पुलिस द्वारा महिला की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस ने महिला को ओबेरॉय के खिलाफ कथित रूप से झूठी शिकायत दर्ज करने और खुद अपने ऊपर हमले के लिए साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

बता दें कि महिला ने दावा किया था कि 25 मई को दो मोटरसाइकिल सवार लोगों ने उस पर हमला किया और ओबेरॉय के खिलाफ मामले को वापस लेने के लिए कथित तौर पर एक नोट छोड़ा, जिसमें विफल रहने पर उन्होंने तेजाब फेंकने की धमकी दी।

इसके कुछ दिनों बाद ही पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया, जिसमें से एक महिला के वकील का रिश्तेदार निकला। दोनों व्यक्तियों ने स्वीकार किया कि हमला पूर्व नियोजित था और इसके लिए उन्हें 10000 रुपये दिए गए थे।

बता दें कि आरोपी महिला एक ज्योतिषी है। महिला ने करण पर शादी के बहाने रेप और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया था। साथ ही महिला का आरोप था कि करण ने यौन संबंधों की फिल्म बनाकर व वीडियो सार्वजनिक करके पैसे ऐंठने की कोशिश भी की।

महिला ने आरोप लगाते हुए कहा था कि वह 2016 में एक डेटिंग एप के जरिए करण ओबेरॉय से मिली थी। बता दें कि करण दो दशकों से अधिक समय से शोबिज का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने 'स्वाभिमान', 'जस्सी जाए कोई नहीं' और 'साया' जैसे धारावाहिकों में काम किया है।

Latest Stories