बर्थडे स्पेशल: पहली फिल्म का ऑफर मिलने पर अजय देवगन ने क्यों कर दिया था इनकार ?

author-image
By Sangya Singh
New Update
बर्थडे स्पेशल: पहली फिल्म का ऑफर मिलने पर अजय देवगन ने क्यों कर दिया था इनकार ?

बॉलीवुड के सिंघम अजय देवगन आज अपना 50वां जन्मदिन मना रहे हैं। अजय देवगन ने अपने अबतक के फिल्मी करियर में जितनी भी फिल्में की हैं, उन सभी फिल्मों में उनके अभिनय की दर्शकों ने तारीफ की। अजय देवगन दर्शकों के फेवरेट एक्टर में से एक हैं। अजय ने कॉमेडी, रोमांटिक और एक्शन सभी तरह की फिल्मों में काम किया है। तो आइए आज उनके बर्थडे पर आपको बताते हैं, उनसे जुड़ी कुछ ख़ास और दिलचस्प बातें। बता दें, कि इन दिनों अजय देवगन अपनी अपकमिंग फिल्मों 'तानाजी' और 'दे दे प्यार दे' की शूटिंग में काफी बिजी हैं।

- अपने 27 साल के फिल्मी करियर में अजय देवगन अबतक एक से बढ़कर एक हिट फ़िल्में दी हैं और आज इंडस्ट्री में उनकी एक खास पहचान है। अजय देवगन को पहली बार जब फ़िल्म ऑफर हुई तब उनकी उम्र महज 18 साल की थी। फ़िल्म का नाम था- फूल और कांटे। अजय देवगन की यह पहली फ़िल्म साल 1991 में रिलीज़ हुई थी।

- फ़िल्म में अजय के साथ मधु, अरुणा ईरानी, अमरीश पूरी जैसे स्टार्स थे। फ़िल्म एक बड़ी हिट साबित हुई थी और इस फ़िल्म के बाद अजय देवगन ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। अजय देवगन को यह फ़िल्म कैसे मिली यह जानना भी बेहद रोचक है।

- दरअसल, अजय देवगन उस वक़्त मुंबई के मीठीबाई कॉलेज से पढ़ाई कर रहे थे। उनके पिता वीरू देवगन जो जाने-माने स्टंट कोरियोग्राफर रहे हैं वो जानते थे कि अजय देवगन को फ़िल्मों का बड़ा आकर्षण है। दरअसल, अजय तब अपने पापा के फ़िल्मों की एडिटिंग को बड़े गौर से देखा करते थे।

- 12-13 साल की उम्र तक अजय शौकिया तौर पर अपनी फ़िल्में भी बनाने लगे। ऐसे में एक दिन वीरू देवगन ने अजय को एक कैमरा लाकर दिया अजय फिर उसी कैमरे से फ़िल्में शूट करने लगे। कॉलेज की मस्ती के साथ ही वो छोटी-छोटी फ़िल्में शूट किया करते।

- एक दिन फ़िल्मकार शेखर कपूर की उन पर नज़र पड़ी और उन्होंने अजय देवगन को अपना सहायक बना लिया। अजय ने शेखर के साथ कुछ कुछ फ़िल्में और विज्ञापनों में बतौर सहायक काम भी किया। एक दिन अजय देवगन जब कॉलेज से घर लौटे तो उन्होंने देखा कि उनके पिता के साथ डायरेक्टर संदेश कोहली बैठे हुए हैं।

- वीरू देवगन ने बेटे अजय से कहा कि संदेश उन्हें लेकर एक फ़िल्म (फूल और कांटे) बनाना चाहते हैं। यह सुनकर अजय देवगन चौंक से गए। उन्होंने पिता से कहा कि अभी तो मैं सिर्फ 18 साल का एक लड़का हूं, मैं ये फ़िल्म कैसे कर सकता हूं? उन्होंने इस फ़िल्म के लिए साफ़ तौर पर मना कर दिया।

- लेकिन, अगले ही महीने अजय देवगन इसी फ़िल्म के लिए शूटिंग कर रहे थे। अपने पिता के कहने पर वो इस फ़िल्म में काम करने के लिए राज़ी हो गए। लेकिन, उनके मन में एक बात ज़रूर थी कि अगर ये फ़िल्म चल गयी तो अच्छा और अगर नहीं चली तो कोई बात नहीं। नहीं चली तो मैं फ़िल्ममेकिंग में चला जाऊंगा।

- अजय देवगन ने बताया कि उन्हें स्ट्रगल कभी नहीं करना पड़ा। हां, उन्होंने जमकर मेहनत की है। अजय कहते हैं कि कॉलेज में वो पूरे रंगबाज़ थे। वो दो बार जेल भी जा चुके हैं। अजय देवगन ने यह भी स्वीकार किया कि वो कभी जेट प्लेन भी खरीदना चाहते थे लेकिन, वो डील नहीं हो पायी थी। अजय के बारे में यह भी कहा जाता है कि वो बहुत सोच समझ कर पैसे खर्च करते हैं और धन के निवेश को लेकर जागरूक रहते हैं।

Latest Stories