/mayapuri/media/post_banners/227f89d4535e409efd9513274fa19026a1b0085210efc90127dbeca503901c4a.jpg)
बॉलीवुड की सदाबहार ऐक्ट्रेस श्रीदेवी को दुनिया से अलविदा कहे 3 महीने से ज्यादा का समय बीत चुका है। अचानक हुए उनके निधन से पूरा देश को गहरा सदमा लगा। हाल ही में श्रीदेवी को फिल्म 'मॉम' के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मरणोपरांत मिले इस अवॉर्ड को लेने के लिए उनके पति बोनी कपूर दोनों बेटियों जाह्नवी और खुशी कपूर के साथ 3 मई को दिल्ली पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद बोनी कपूर मीडिया से रूबरू हुए। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उनके अलावा पहली बार उनकी बेटी जाह्नवी कपूर मां श्रीदेवी को लेकर मीडिया से बात कर रही हैं।
वीडियो में पहले बोनी कपूर ने मीडिया से बातचीत की, इसके ठीक बाद जाह्नवी ने कहा, 'मैं और खुशी, इस रोल के लिए किए गए मेरी मां की कड़ी मेहनत, समर्पण को पहचानने के लिए, ज्यूरी के सदस्यों का धन्यवाद करती हैं। ये उनके लिए काफी खास था और हम बहुत खुश है कि उन्हें सराहा गया।' जाह्नवी आखिर में भारत सरकार का भी शुक्रिया अदा करती हैं।
इतना ही नहीं, जाह्नवी से जब आगे सवाल किया जाता है कि क्या वे अपनी मां को मिस कर रही हैं। इसपर वे कहती हैं, 'मैं इस बारे में बात नहीं करना चाहती।' आपको बता दें, जाह्नवी ने अपनी डेब्यू फिल्म 'धड़क' की शूटिंग पूरी कर ली है। इस फिल्म में वो ईशान खट्टर के साथ नजर आएंगी। फिल्म 20 जुलाई को रिलीज होगी।