समलैंगिक रिश्तों पर आधारित फिल्म 'लिहाफ' का फर्स्ट पोस्टर रिलीज

author-image
By Sangya Singh
New Update
समलैंगिक रिश्तों पर आधारित फिल्म 'लिहाफ' का फर्स्ट पोस्टर रिलीज

राहत काजमी की फिल्म ‘लिहाफ’ का फर्स्ट लुक रिलीज हो गया है। फिल्म की कहानी मशहूर उर्दू लेखिका इस्मत चुगताई की विवादित कहानी लिहाफ पर आधारित है। कांस में फिल्म की काफी तारीफ हुई। राहत काजमी ने, तारीक खान, जेबा साजित, नमिता लाल, उमेश शुक्ला, आशीष वाग और उत्पल आचार्य के साथ मिलकर फिल्म को प्रोड्यूस किया है। फिल्म में तनिष्ठा चटर्जी और सोनल सहगल ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म की कहानी महिला समलैंगिक मुद्दे पर आधारित है।

ये कहानी एक हताश गृहिणी की है

आपको बता दें, उर्दू साहित्य की महान लेखिका इस्मत चुगताई कि ये कहानी एक हताश गृहिणी की है, जिसके पति के पास समय नहीं है और ये औरत अपनी महिला नौकरानी के साथ सुख पाती है। इस कहानी पर कोर्ट केस भी हुआ था और इसे अश्लील करार दिया गया था, हालांकि कोर्ट में दो साल तक चले इस केस को बाद में खारिज कर दिया गया था।

कहानी की लेखिका इस्मत चुगताई की बारे में बात की जाए तो उन्हें ‘इस्मत आपा’ के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने निम्न मध्यवर्गीय मुसलिम तबके की दबी-कुचली सकुचाई और कुम्हलाई, पर जवान होतीं लड़कियों की मनोदशा को उर्दू कहानियों और उपन्यासों में पूरी सच्चाई से बयान किया है। इस्मत चुगताई ने महिलाओं के सवालों को नए सिरे से उठाया, जिससे वे उर्दू साहित्य की सबसे विवादस्पद लेखिका बन गर्इं।

बीए और बीएड करने वाली वो पहली भारतीय मुसलिम महिला हैं। रिश्तेदारों ने उनकी शिक्षा का विरोध किया तो उन्होंने अपने लेखन की शुरुआत में कुरान के साथ गीता और बाइबिल भी पढ़ी। उनकी शादी स्क्रिप्ट राइटर और फिल्म डायरेक्टर शाहिद लतीफ से हुई थी लिहाजा उन्होंने फिल्म ‘गरम हवा’ की कहानी लिखी। इस फिल्म की कहानी के लिए उन्हें कैफी आजमी के साथ फिल्मफेयर पुरस्कार से नवाजा गया था।