हॉकी प्लेयर संदीप सिंह की बायोपिक फिल्म 'सूरमा' की स्क्रीनिंग में पहुंचे सचिन-जहीर, कल होगी रिलीज

author-image
By Sangya Singh
New Update
हॉकी प्लेयर संदीप सिंह की बायोपिक फिल्म 'सूरमा' की स्क्रीनिंग में पहुंचे सचिन-जहीर, कल होगी रिलीज

बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त की बायोपिक ‘संजू’ के बाद अब हॉकी प्लेयर संदीप सिंह की बायोपिक फिल्म ‘सूरमा’ कल यानी शुक्रवार 13 जुलाई को रिलीज होने जा रही है। संदीप सिंह का किरदार मशहूर पंजाबी एक्टर और सिंगर दिलजीत दोसांझ निभा रहे हैं। वो इससे पहले भी बॉलीवुड में काम कर चुके हैं। फिल्म में दिलजीत के साथ तापसी पन्नू भी मुख्य भूमिका निभा रही हैं।

फिल्म की कहानी संदीप के बचपन से शुरू होकर उनके हॉकी लेजेंड बनने तक के सफर को बयां करती है। बुधवार को मुंबई में फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग रखी गई।

इसमें मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान भी शामिल हुए। संदीप सिंह को दुनिया का सबसे बेहतरीन ड्रैग-फ्लिकर में से एक माना जाता है। उनकी ड्रैग स्पीड 145 km/hr है। उनकी इस शानदार स्पीड के चलते उन्हें 'फ्लिकर सिंह' के नाम से भी जाना जाता है।

संदीप की इस खूबी के चलते भारतीय हॉकी टीम ने कई बार बेहद मुश्किल पेनाल्टी कॉर्नर को भी गोल में तब्दील कर दिया। आपको बता दें, 2006 में दिल्ली जाते समय ट्रेन में संदीप सिंह को गोली लग गई थी। जिस कारण वह लगभग 2 साल हॉकी खेलने से वंचित रहे। तब यही समझा जा रहा था कि उनका कॅरियर अब खत्म है। लेकिन संदीप ने हिम्मत नहीं हारी। मेहनत कर खुद को दोबारा से तैयार किया और टीम में वापसी की।

Latest Stories