अब सलमान खान बनेंगे रोहित शेट्टी की फिल्म में दबंग पुलिस अफसर

author-image
By Sangya Singh
New Update
अब सलमान खान बनेंगे रोहित शेट्टी की फिल्म में दबंग पुलिस अफसर

बॉलीवुड के दबंग सलमान खान के लोग इतने बड़े फैन हैं कि उनकी फिल्म का लोगों को बड़ी बेसब्री से इंतजार रहता है। अब सलमान की आने वाली फिल्म भारत लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। फिल्म का टीज़र रिलीज हो गया है। फिल्म का टीज़र देखने के बाद लोगों के अंदर फिल्म के लिए उत्सुकता और भी ज्यादा बढ़ गई है।

वहीं, अब दबंग सलमान खान के फैंस के लिए एक और खबर आ रही है। खबर है कि सलमान खान जल्दी ही रोहित शेट्टी के साथ फिल्म करने वाले हैं। खास बात तो ये है कि रोहित शेट्टी की इस फिल्म में भी अजय देवगन और रणवीर सिंह की तरह ही सलमान खान भी एक दबंग पुलिस ऑफिसर के रोल में नज़र आएंगे।

हाल ही में रोहित शेट्टी की फिल्म सिंबा रिलीज हुई थी। जिसने बॉक्सऑफिस पर ताबड़तोड़ कलेक्शन करके कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। अब देखना ये है कि सलमान खान और रोहित शेट्टी जो इस समय अपनी किस्मत की बुलंदियों पर हैं, ऐसे में दोनों का साथ जुड़ना लोगों के लिए और बॉक्सऑफिस पर कितना दिलचस्प साबित होता है।

खबरों के मुताबिक, रोहित शेट्टी और साजिद नाडियाडवाला कई बार सलमान खान के साथ फिल्म बनाने और फिल्म के कंटेंट पर बात करने के लिए मुलाकात कर चुके हैं। इस बातचीत के बाद दोनों ने सलमान की फिल्म किक में उनके द्वारा निभाया गया देवी लाल सिंह(डेविल) के रोल को लेकर कंटेंट को फाइनल करने की बात सोची है।

इस फिल्म में सलमान के कैरेक्टर को खाकी वर्दी में दिखाया गया था। बता दें कि अगर ये आइडिया प्लान के मुताबिक चलता है तो सलमान, रोहित की फिल्म में एक पुलिसवाले के रोल में नजर आ सकते हैं। साल 2010 में दबंग रिलीज हुई थी। फिल्म में पुलिस अवतार में सलमान ने सभी का दिल जीत लिया था।

इसका दूसरा पार्ट भी काफी सफल साबित हुआ। फिलहाल सलमान खान अली अब्बास जफर के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘भारत’ की शूटिंग कर रहे हैं। इसके बाद वे ‘दबंग 3’ की शूटिंग शुरू करेंगे। बताया जा रहा है कि साल 2019 के अंत में रोहित शेट्टी संग सलमान इस नए प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर सकते हैं।

रोहित शेट्टी की बात करें तो उनकी पिछली रिलीज ‘सिम्बा’ ब्लॉकबस्टर साबित हुई। इसमें पहली बार रणवीर सिंह पुलिसवाले के किरदार में नजर आए। इसके अलावा रोहित शेट्टी बॉलीवुड के मिस्टर खिलाड़ी अक्षय कुमार संग भी काम कर रहे हैं। फिल्म ‘सूर्यवंशी’ में पहली बार दोनों की जोड़ी साथ नजर आएगी।

Latest Stories