बर्थडे स्पेशल: रजनीकांत की यूनीक स्टाइल की दीवानी है दुनिया, भगवान के बराबर पूजते हैं लोग

author-image
By Sangya Singh
New Update
बर्थडे स्पेशल: रजनीकांत की यूनीक स्टाइल की दीवानी है दुनिया, भगवान के बराबर पूजते हैं लोग

सुपरस्टार रजनीकांत आज अपना 68वां जन्मदिन मना रहे हैं। रजनीकांत एक ऐसे अभिनेता है जिन्हें दुनियाभर में शायद ही कोई ऐसा होगा जो नहीं जानता होगा। भले ही रजनीकांत की उम्र दिनोंदिन बढ़ती जा रही है, लेकिन वो आज भी पहले जैसे एनर्जेटिक और एक्टिव हैं। रजनीकांत को पूरी दुनिया में उनकी यूनीक स्टाइल के लिए जाना जाता है। फिल्मों में उनकी यूनिक स्टाइल ने लोगों को उनका दीवाना बना दिया। इतना ही नहीं, दक्षिण भारत में तो लोग भगवान के बराबर उनकी पूजा करते हैं। तो आइए आज उनके जन्मदिन पर हम आपको बताते हैं उनसे जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें...

- रजनीकांत का जन्‍म 12 दिसंबर 1950 को बेंगलुरु में हुआ था। उनका शुरुआती नाम शिवाजी राव गायकवाड़ रखा गया था, लेकिन जब वह फिल्म इंडस्ट्री में आए तब उन्हें लोग रजनीकांत के नाम से जानने लगे।

- अपने चार भाई-बहनों में रजनीकांत सबसे छोटे थे। मां की मौत के बाद उनके घर की माली हालत ऐसी हो गई कि उन्हें जीवन चलाने के लिए कुली बनना पड़ा। इसके बाद उन्होंने बस में कंडक्‍टर का भी काम किया।

- रजनीकांत को तेलुगू फिल्म 'छिलाकाम्मा चेप्पिनडी' (1975) में पहली बार हीरो का रोल मिला और फिर उन्‍होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। देखते ही देखते रजनीकांत तमिल सिनेमा के स्टार बन गए। हाल ही में रजनीकांत की फिल्म 2.0 रिलीज हुई। ये फिल्म भी सुपरहिट रही।

- रजनीकांत ने कई बॉलीवुड फिल्‍मों में भी काम किया। इनमें 'मेरी अदालत', 'जान जॉनी जनार्दन', 'भगवान दादा', 'दोस्ती दुश्मनी', 'इंसाफ कौन करेगा', 'असली नकली', 'हम', 'खून का कर्ज', 'क्रांतिकारी', 'अंधा कानून', 'चालबाज', 'इंसानियत का देवता' आदि शामिल हैं।

- तमिल फिल्‍मों के सुपर स्‍टार रजनीकांत हिंदी, कन्‍नड़, मलायलम, बंगाली और अंग्रेजी फिल्‍मों में भी काम कर चुके हैं, लेकिन उन्‍होंने कभी मराठी फिल्‍मों में काम नहीं किया, जबकि रजनीकांत मूलरूप मराठी हैं। हालांकि अब खबरें है कि वे जल्द ही एक मराठी फिल्म में नजर आएंगे।

- 2014 में रजनीकांत को छह तमिलनाडु स्टेट फिल्म अवॉर्ड मिले। इनमें चार सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और दो स्पेशल अवार्ड फॉर बेस्ट एक्टर के लिए मिले। वर्ष 2000 में उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। रजनीकांत के फेवरेट एक्‍टर कमल हासन हैं। दोनों एकसाथ कई फिल्‍मों में काम भी कर चुके हैं। उनकी फेवरेट एक्‍ट्रेस हेमा मालिनी और रेखा हैं।

- रजनीकांत के सिगरेट फ्लिप करने की स्टाइल को सभी दशकों से फॉलो करते आ रहे हैं। एक खास इंटरव्यू में रजनीकांत ने बताया था कि उनकी ये स्टाइल शत्रुघ्न सिन्हा से प्रेरित है। शिवाजी की सफलता के बाद रजनीकांत ने अपनी फीस 26 करोड़ रुपये कर दी थी। इसी के साथ वह जैकी चैन के बाद सबसे महंगे सितारे बन गए।

- रजनीकांत ने पिछले कई सालों से स्‍क्रीन पर मौत के सीन नहीं किए हैं। डायरेक्‍टर्स को लगता है कि अगर उन्‍होंने रजनी को मरते हुए दिखाया तो फिल्‍म फ्लॉप हो जाएगी। वहीं, रजनीकांत के फैन्स के पागलपन का अंदाज़ा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि जब-जब उनकी फिल्में रिलीज़ होनेवाली होती है साउथ में आधी रात से ही उनके फैन्स उनकी तस्वीरों पर दूध से अभिषेक करने में और उनकी पूजा में जुट जाते हैं।

Latest Stories