जबरदस्त लुक में नजर आ रहे हैं वरुण-अनुष्का, सामने आया 'सुई-धागा' का फर्स्ट पोस्टर

author-image
By Sangya Singh
New Update
जबरदस्त लुक में नजर आ रहे हैं वरुण-अनुष्का, सामने आया 'सुई-धागा' का फर्स्ट पोस्टर

बॉलीवुड ऐक्टर वरूण धवन और अनुष्का शर्मा की अपकमिंग फिल्म 'सुई धागा' का फर्स्ट पोस्टर सामने आ गया है । वैसे तो पहले भी फिल्म के सेट से ऐसी कई तस्वीरें सामने आईं हैं, जिनको देखकर ये साफ हो गया कि फिल्म में वरुण धवन एक दर्जी का किरदार निभा रहे हैं। वहीं, अब फिल्म के पहले पोस्टर से साफ है कि फिल्म में वरूण एक दर्जी और अनुष्का एक सीधी साधी महिला का किरदार निभा रही हैं। दोनों ही सितारे जबरदस्त लुक में नजर आ रहे हैं।

13 अगस्त को रिलीज होगा 'सुई-धागा' का ट्रेलर

फिल्म 'सुई धागा' का ट्रेलर 13 अगस्त को रिलीज किया जाएगा। जबकि फिल्म 28 सितंबर को रिलीज होने को तैयार है। यशराज बैनर तले इस फिल्म का निर्देशन शरत कटारिया कर रहे हैं। ज्यादातर फिल्मों में अब तक हमने वरूण और अनुष्का को यंग और कलरफुल मस्तीभरे किरदारों में ही देखा है। 'बदलापुर' और 'अक्टूबर' में वरूण का अलग अंदाज जरूर दिखा था। लेकिन 'सुई धागा' जैसी सादगी नहीं थी। जाहिर है वरूण- अनुष्का के फैंस इस लुक से बेहद इंप्रेस होंगे। वैसे आजकल के कलाकार ज्यादातर ग्लैमर वाला किरदार ही करना पसंद करते हैं।

एक सीन के लिए वरुण ने 10 घंटे चलाई साइकिल

फिल्म को रिलीज होने में अभी लगभग डेढ़ महीने का समय रह गया है। लिहाजा, जोरशोर से प्रमोशन शुरु कर दिया गया है। खास बात है कि वरूण धवन ने आज तक अपने करियर में एक भी फ्लॉप फिल्म नहीं दी है। अब ये  देखना दिलचस्प होगा कि 'सुई धागा' के साथ वह एक बार फिर 100 करोड़ क्लब में एंट्री ले पाते हैं या नहीं। फिल्म में आम जन जीवन दिखाने के लिए वरूण साइकिल चलाते हुए भी नजर आएंगे। यहां तक कि एक सीन को शूट करने के दौरान वरूण ने अनुष्का को बिठाकर लगभग 10 घंटों तक साइकिल चलाया था।

पहली बार साथ नजर आएंगे वरुण-अनुष्का

फिल्म 'सुई धागा' की शूटिंग मध्य प्रदेश के चंदेरी में की गई है। इस फिल्म में पहली बार वरुण धवन और अनुष्का शर्मा साथ में स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। 'सुई धागा' में वरुण धवन मौजी नाम का किरदार निभा रहे हैं, जो दर्जी है। वहीं अनुष्का बनी हैं ममता.. जो कढ़ाई का काम करती है।  वरूण धवन ने फिल्म के बारे में कहा, गांधीजी से लेकर मोदीजी तक.. हमारे देश के नेता मेड इन इंडिया के मंत्र का समर्थन करते हैं। लिहाजा, सुई धागा के साथ हम करोड़ो लोगों तक यह संदेश पहुंचाएंगे।

सुई-धागा के लिए पहली पसंद थे रणबीर कपूर

आपको बता दें, इस फिल्म के लिए पहले रणबीर कपूर को अप्रोच किया गया था। लेकिन रणबीर ने कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। जिसके बाद वरूण धवन को फिल्म के लिए फाइनल कर लिया गया।  यशराज फिल्म्स का यह प्रोजेक्ट काफी खास है। इस फिल्म के जरिए स्वदेशी कॉटेज इंडस्ट्री के बारे में लोगों को जागरुक किया जाएगा।

आम लोगों के जीवन से कनेक्ट होगी फिल्म

वहीं, अनुष्का का मानना है कि यह एक पॉजिटिव फिल्म है। जो भारत के हर दर्शक वर्ग से जुड़ पाएगी। अनुष्का फिल्म को लेकर काफी उत्साहित हैं। फिल्म के निर्माता हर चीज को असल जिंदगी के करीब रख रहे हैं। कैरेक्टर्स के लुक से लेकर उनके कॉस्ट्यूम तक सब कुछ असल जिंदगी के करीब है। ताकि दर्शक कहानी में गहरे तक उतर सकें।

Latest Stories