मनोज तिवारी ने जीत के साथ तोड़ा 35 साल का ये रिकॉर्ड

author-image
By Mayapuri Desk
New Update
मनोज तिवारी ने जीत के साथ तोड़ा 35 साल का ये रिकॉर्ड

हिन्दी सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन के बाद भोजपुरी फिल्मों के मेगास्टार और दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष  मनोज तिवारी पहले ऐसे सिनेमाई हस्ती हैं जिन्होने किसी पूर्व मुख्यमंत्री को लोकसभा चुनाव में हराया है। 35 साल पहले वर्ष 1984 में हिन्दी सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हेमवंतीनंदन बहुगुणा जी को हराया था। बहुगुणा जी वर्ष 1973 से 74 तक दो बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके थे। मनोज तिवारी ने उत्तर पूर्व दिल्ली सीट से दिल्ली की मुख्यमंत्री रह चुकीं शीला दीक्षित जी को भारी मतों से हराया है। शीला दीक्षित एक राजनीतिज्ञ हैं जो कि 1998 से दिल्ली की मुख्‍यमंत्री रही हैं। वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से सम्बद्ध हैं और दिल्ली में लगातार तीन बार कांग्रेस की सरकारें बना चुकी हैं।

फिलहाल अपनी शानदार जीत पर प्रतिक्रिया देते हुये प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने दावा किया कि फरवरी 2020 में भाजपा 60 सीटें जीत कर दिल्ली में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि वह दिल्ली की जनता से केजरीवाल की तरह शहर को पेरिस और लंदन बनाने का वायदा नहीं करते पर दिल्ली को एक बेहतर शहर जरूर बनायेंगे। मनोज तिवारी ने कहा कि हम ऐसी प्रदूषण मुक्त दिल्ली चाहते है जिसमें बच्चे ताजी हवा में सांस ले सकें। उन्होंने कहा कि देश में मोदी, दिल्ली में भाजपा और निगम में भाजपा होगी तभी दिल्ली का विकास होगा।  मनोज तिवारी ने मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं का भी आभार जताया है।

Latest Stories