/mayapuri/media/media_files/2026/02/13/border-2-2026-02-13-16-48-39.webp)
फिल्म ‘बॉर्डर 2’ की शानदार सफलता के बाद इसकी ग्रैंड सक्सेस पार्टी का आयोजन किया गया, जहां पूरी स्टारकास्ट और मेकर्स ने फिल्म की कामयाबी का जश्न मनाया. पार्टी में फिल्म से जुड़े कलाकार सनी देओल (Sunny Deol), वरुण धवन (Varun Dhawan), अहान शेट्टी (Ahan Shetty), मेधा राणा (Medha Rana), मोना सिंह (Mona Singh), सोनम बाजवा (Sonam Bajwa), आन्या सिंह (Anya Singh), निर्देशक अनुराग सिंह (Anurag Singh), प्रोड्यूसर भूषण कुमार (Bhushan Kumar) और निधि दत्ता (Nidhi Dutta) के नाम शामिल हुए. आइये जानते हैं किसने क्या कहा....
सनी ने साझा किया भावुक अनुभव
इस इवेंट में ‘बॉर्डर 2‘ की कामयाबी पर सनी देओल ने एक भावुक अनुभव साझा किया. उन्होंने बताया कि हाल ही में उनकी मुलाकात एक अधिकारी से हुई, जिन्होंने कहा कि उनके पिता ने ‘बॉर्डर’ देखी थी और अब उनका छोटा बेटा’ बॉर्डर 2’ देखकर बेहद प्रेरित हुआ है. वह बच्चा सनी के लिए हाथ में तिरंगा और छोटा सा फ्लैग लेकर आया था. इस पल को याद करते हुए सनी ने कहा कि उन्हें बेहद अच्छा लगा और ऐसा महसूस हुआ मानो एक कलाकार के तौर पर वे किसी सेवा का हिस्सा बन रहे हों. उनके मुताबिक, अगर उनकी फिल्में लोगों में देश के प्रति प्यार, गर्व और जागरूकता जगा पा रही हैं, तो इससे बड़ी उपलब्धि कुछ नहीं हो सकती, यही असली सफलता है.
इस कार्यक्रम में जब उनसे पूछा गया कि वह ऑडियंस से मिल रहे प्यार और तारीफ को कैसे देखते हैं. सनी देओल ने मजाक में कहा, “इतने साल पता नहीं कहां छुपा हुआ था. यह सच में बहुत प्यारा है. मैं बस सबसे यही कहना चाहता हूं कि कड़ी मेहनत करो, अपने प्रोफेशन से प्यार करो, निराश मत हो और समय कुछ ऐसा है. आपको कभी नहीं पता कि यह कब आएगा और कब जाएगा लेकिन आपको इसके लिए तैयार रहना चाहिए.”
/filters:format(webp)/mayapuri/media/media_files/2026/02/13/celebs-join-success-celebration-press-meet-of-1975641-950096-2026-02-13-16-49-00.webp)
उन्होंने आगे कहा, “यही तो है. यह मेरे पापा की ब्लेसिंग्स हैं, यह वाहेगुरु जी की मुझ पर कृपा है. बाकी जनता बहुत प्यार करती है, पहले भी करती थी और आज भी कर रही है. मैं जहां भी जाता हूं, मुझे बहुत प्यार मिलता है. खैर इंडस्ट्री को भी पता चल लगा है कि देश भर के लोग मुझे देखना चाहते हैं, तो पिक्चरें करूंगा.”
सनी की आने वाली फ़िल्में
सेलिब्रेशन मीट एंड ग्रीट कार्यक्रम में सनी देओल से उनकी आने वाली फिल्मों के बारे में पूछा गया. इस पर सनी देओल ने कहा, “अभी तो फिलहाल 'लाहौर' है, जो स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी.” इसके बाद गदर एक्टर ने अपनी दूसरी आगामी फिल्म से पर्दा हटाया, जिसे जानकर फैंस खुशी से झूम उठे हैं. उनकी दूसरी फिल्म 'गबरू' है. उन्होंने कहा, एक और प्यारी फिल्म है, जो मेरे काफी करीब है. गबरू.” इस दौरान सनी देओल ने फिल्म की कहानी भी बताई.
/filters:format(webp)/mayapuri/media/media_files/2026/02/13/sunny-dharmendra-2026-02-13-16-50-14.jpg)
सनी देओल ने धर्मेंद्र को किया याद
इसके अलावा सनी देओल अपने गुजर चुके पिता और लेजेंडरी एक्टर धर्मेंद्र को याद किया, जिनका नवंबर 2025 में निधन हो गया था. एक रिपोर्टर ने सनी को आज इंडस्ट्री में 'बैंकेबल स्टार' कहा और उनके फिर से उभरने की तारीफ करते हुए उन्हें सनी देओल 2.0 भी कहा.
या तो मैं हार जाता, या युद्ध जीतता — वरुण
वहीं मेजर होशियार सिंह दहिया की भूमिका निभा रहे वरुण धवन ने कहा कि यह किरदार उनके लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी था. उन्होंने बताया, “जब मैंने पहली बार यह रोल सुना, कमरे में मौजूद सभी लोगों की आंखों में आंसू थे. उसी समय मेरे मन की आवाज आई — हां, मुझे यही करना है.” वरुण ने माना कि इस तरह की बहु-कलाकारों वाली युद्ध फिल्म बनाना आसान नहीं होता, लेकिन चुनौती ही असली प्रेरणा होती है. उन्होंने कहा, “या तो मैं असफल होता या इस युद्ध को जीतता. मुझे खुशी है कि भारत जीता और मैं भी जीता.”
/filters:format(webp)/mayapuri/media/media_files/2026/02/13/varun-dhawan-2026-02-13-16-51-02.webp)
निर्देशक अनुराग सिंह की तारीफ करते हुए वरुण ने कहा कि फिल्म के दौरान उन्होंने बहुत कठिन समय देखा, लेकिन जिस तरह अनुराग ने हालात संभाले, वह हर किसी के बस की बात नहीं है.
वरुण ने दिया ‘मायापुरी’ के सवाल का जवाब
इस इवेंट में ‘मायापुरी’ मैगजीन की पत्रकार शिल्पा नालम्वार ने वरुण धवन से सवाल पूछा कि फिल्म की रिलीज से पहले आपको काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा. लेकिन रिलीज के बाद दर्शकों ने आपके प्रदर्शन को आपके करियर के बेहतरीन कामों में से एक बताया. साथ ही आपने कहा था कि आपने ‘बॉर्डर 2’ के बाद कोई फिल्म साइन नहीं की है. सोशल मीडिया पर चल रही इन सभी बातों और 360 डिग्री बदलते माहौल को आप कैसे देखते हैं? इसके जवाब में वरुण ने कहा, “सबसे पहले तो आजकल ट्रोलिंग एक फैशन बन गया है. हर कोई ट्रोल करता है. कुछ लोग उसे सहजता से ले पाते हैं, कुछ नहीं ले पाते. मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं कि मैं उसे सहजता से ले पाया. मैंने उसे बहुत गंभीरता से नहीं लिया, फेस वैल्यू पर लिया. सबसे बड़ी बात, मुझे अपने परिवार का पूरा साथ मिला.
जब हम ‘बॉर्डर 2’ की शूटिंग कर रहे थे, खासकर ‘बैटल ऑफ बसंतर’ (Battle of Basantar) का शेड्यूल बाबिना में चल रहा था, उसी दौरान मेरे पिताजी (डेविड धवन) की तबियत अचानक खराब हो गई. उन्हें आईसीयू में भर्ती करना पड़ा. मैं तुरंत सुबह की फ्लाइट से घर पहुंचा. आईसीयू में जाकर उनसे मिला. मैंने कहा कि मैं शूटिंग छोड़कर यहीं रुकूंगा. लेकिन उन्होंने मुझसे कहा, “तुम वापस कैसे आ सकते हो? तुम्हारी शूटिंग चल रही है. प्रोड्यूसर इतना पैसा लगा रहे हैं, तुम सुबह वापस जाओ और अपनी कॉल टाइम पर पहुंचो.” जब जिंदगी में ऐसे पल आते हैं, जो आपके बेहद करीब होते हैं, तब ट्रोलिंग बहुत छोटी चीज लगती है. सच कहूं तो उसके बाद सोशल मीडिया की बातें मेरे लिए मायने नहीं रखतीं.
मेरे करियर की शुरुआत से ही लोग बातें करते रहे हैं. ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ से लेकर ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया’ तक, यहां तक कि मेरी स्माइल को लेकर भी मीम्स बने. मैंने सोचा, ठीक है, अगर लोग कॉपी कर रहे हैं या मजाक बना रहे हैं तो करने दीजिए. कुछ न कुछ तो बन रहा है. लेकिन ‘बॉर्डर 2’ एक गंभीर किरदार था, इसलिए मैंने उस समय कुछ नहीं कहा. अब मेरी अगली फिल्म कॉमेडी है, तो मैं मजाक में कहता हूं कि शायद वहां इन चीजों का इस्तेमाल भी कर लूं. क्यों छोड़ूं?
/filters:format(webp)/mayapuri/media/media_files/2026/02/13/varun-salman-2026-02-13-16-54-41.jpg)
वरुण ने की सलमान की तारीफ़
मैं एक और बात शेयर करना चाहता हूं. जब ये सब चल रहा था, एक रात मुझे सलमान भाई का फोन आया. उन्होंने हंसते हुए सिर्फ इतना कहा, “अच्छा समय आने वाला है.” उनका भरोसा और सलाह मेरे लिए बहुत मायने रखती है.
वरुण ने आगे बताया कि फिल्म के रिलीज के बाद, जब ‘बॉर्डर 2’ को इतनी सफलता मिली, तब उन्होंने फिर फोन किया और कहा, “मैं तुम पर गर्व करता हूं, बेटा. ” वो पल मेरे लिए बहुत खास था. वो आसानी से किसी की तारीफ नहीं करते. रात के दो बजे मैं सच में खुशी से बिस्तर पर खड़ा हो गया था. उनका ये कहना मेरे लिए बहुत बड़ा कॉन्फिडेंस बूस्ट था. आखिर में, मैंने हमेशा फिल्म पर भरोसा रखा, भगवान पर भरोसा रखा और आज जो हुआ, वह इतिहास का हिस्सा बन गया है.
/filters:format(webp)/mayapuri/media/media_files/2026/02/13/ahan-shetty-2026-02-13-16-53-57.webp)
ईमानदार रहो और वही करो जो जरूरी है— अहान
फिल्म में सैनिक की भूमिका निभाने वाले अहान शेट्टी ने कहा कि उन्हें सशस्त्र बलों के परिवारों से बहुत प्यार मिला है. उन्होंने बताया, “जब ‘मां शक्ति’ वाला दृश्य मुझे सुनाया गया, उस समय मेरे पापा मेरे साथ बैठे थे. हम दोनों भावुक होकर रो पड़े. ” साथ ही उन्होंने यह भी बतया कि सेट पर निर्देशक अनुराग सिंह ने उन्हें सिर्फ एक सलाह दी — “ईमानदार रहो और वही करो जो जरूरी है. ” अहान का मानना है कि उन्होंने पूरी सच्चाई और ईमानदारी के साथ अपना किरदार निभाया, और वही सच्चाई पर्दे पर दिखाई देती है.
सम्मान अलग होता है — भूषण कुमार
निर्माता भूषण कुमार के लिए यह फिल्म सिर्फ कमाई का माध्यम नहीं, बल्कि गर्व और सम्मान की बात है. इस इवेंट में उन्होंने कहा, “हाल ही में मैंने एक वीडियो देखा जिसमें एक छह साल का बच्चा सनी सर का संवाद पूरे जोश के साथ बोल रहा था. मेरे लिए वह बहुत बड़ा क्षण था. ” उन्होंने आगे कहा कि फिल्में कमाई के लिए बनती हैं, लेकिन जो सम्मान इस फिल्म को सशस्त्र बलों से मिल रहा है, वह बहुत खास है. “हम आगे भी ऐसी फिल्में बनाते रहेंगे जो देशभक्ति और सम्मान की भावना को मजबूत करें.”
निधि दत्ता ने कहा
जेपी दत्ता (J.P. Dutta) की विरासत को आगे बढ़ाते हुए निधि दत्ता (Nidhi Dutta) ने कहा कि उनके पिता की फिल्म ‘बॉर्डर’ ने एक पूरी पीढ़ी को सेना में भर्ती होने के लिए प्रेरित किया था. उन्होंने याद करते हुए कहा, “जब हम ‘एलओसी’ बना रहे थे, तब हमें कई ऐसे परिवार मिले जिनके बेटे ‘बॉर्डर’ देखकर सेना में गए थे. ” निधि ने कहा कि अगर ‘बॉर्डर 2’ भी बच्चों और युवाओं को देश सेवा के लिए प्रेरित करती है, तो यही इसकी सबसे बड़ी सफलता होगी.
युद्ध फिल्म बनाना किसी एक व्यक्ति का काम नहीं— अनुराग सिंह
निर्देशक अनुराग सिंह ने कहा कि इतनी बड़ी युद्ध फिल्म बनाना आसान नहीं है. उन्होंने कहा, “फिल्म बनाना आसान नहीं होता, और एक अच्छी फिल्म बनाना उससे भी ज्यादा कठिन है. ” उन्होंने बताया कि ऐसी फिल्म के लिए केवल धन नहीं, बल्कि जुनून भी जरूरी होता है. “कठिन समय में ऐसे निर्माता चाहिए होते हैं जो कहें — चिंता मत करो, मैं साथ हूं. ” उन्होंने भूषण कुमार और निधि दत्ता को पूरा श्रेय देते हुए कहा कि उनके विश्वास और सहयोग से ही यह फिल्म संभव हो सकी.
/bollyy/media/post_attachments/6aa187dd-b0a.jpg)
कहानी हमें चुनती है — मोना सिंह
मोना सिंह ने फिल्म की सक्सेस प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि उन्हें इस फिल्म का ऑफर बहुत ही नाटकीय अंदाज में मिला. वह उस वक्त अपने किसी दूसरे शो के प्रमोशन में काफी बिजी थीं, तभी 'बॉर्डर 2' के मेकर्स का फोन आया. शूटिंग शुरू होने में महज एक हफ्ता बचा था. मोना कहती हैं, 'अक्सर आप स्क्रिप्ट नहीं चुनते, बल्कि स्क्रिप्ट आपको चुनती है. जैसे ही मैंने कहानी पढ़ी, मुझे लगा कि यह मेरे लिए ही बनी है. मैंने तुरंत फैसला किया कि चाहे कुछ भी कि चाहे कुछ भी हो जाए, मुझे अपनी डेट्स मैनेज करनी हैं और यह फिल्म करनी ही है.
/bollyy/media/post_attachments/news/photos/imgs/1024/celebs-join-success-celebration-press-meet-of-1975637-883115.jpg)
रियल लाइफ हीरो हैं मोना के पिता
मोना सिंह के लिए इस फिल्म से जुड़ने की सबसे बड़ी वजह उनका बैकग्राउंड था. उन्होंने बताया कि वह एक फौजी की बेटी हैं और पिता ने 1971 की ऐतिहासिक जंग लड़ी थी. फिल्म के एक सीन का जिक्र करते हुए मोना इमोशनल हो गईं, जिसमें सनी देओल का किरदार माइनफील्ड (बारूदी सुरंग) में फंस जाता है. इवेंट में मोना ने शेयर किया, “मेरे पापा के साथ हकीकत में ऐसा ही हुआ था. 1971 की लड़ाई के दौरान उन्होंने एक माइन पर पैर रख दिया था, जिसकी वजह से उन्हें अपना एक पैर गंवाना पड़ा. फिल्म का वह सीन देखते हुए मुझे लगा जैसे मैं अपने पिता का संघर्ष देख रही हूं.”
वहीं फिल्म में सिमी कलेर का किरदार निभाते हुए मोना ने उन महिलाओं के दर्द और मजबूती को दिखाने की कोशिश की है, जो सरहद पर लड़ रहे जवानों का घर पर इंतजार करती हैं. मोना का मानना है कि जब एक सिपाही बॉर्डर पर जाता है, तो वह अकेला नहीं होता; उसका पूरा परिवार मानसिक रूप से उस जंग का हिस्सा होता है. उन्होंने कहा, “मैंने यह सब करीब से देखा है. मेरे लिए यह फिल्म मेरे पिता को एक 'ट्रिब्यूट' है. जैसे निधि दत्ता अपने पिता जे.पी. दत्ता की विरासत को बढ़ा रही हैं, वैसे ही मेरे लिए भी यह एक इमोशनल सफर रहा है.”
/filters:format(webp)/mayapuri/media/media_files/2026/02/13/celebs-join-success-celebration-press-meet-of-1975638-650979-2026-02-13-16-56-48.webp)
आन्या सिंह, मेधा राणा ने कहा
फिल्म की एक्ट्रेस आन्या सिंह ने इस कार्यक्रम में कहा कि वह भी सबकी तरह यह फिल्म करना चाहती थीं और इसका हिस्सा बनकर वह बेहद खुश हैं. इस फिल्म के जरिए उन्हें यह समझने का मौका मिला कि आर्मी जवानों के परिवारों पर किन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है और वे किस तरह की भावनात्मक चुनौतियों से गुजरते हैं.
वहीं मेधा ने कहा कि वह इस फिल्म का हिस्सा बनकर बेहद खुश हैं. उन्होंने यह भी बताया कि इस प्रोजेक्ट के दौरान उन्हें सभी कलाकारों और टीम के सदस्यों से बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला है.
इसके अलावा सोनम बाजवा ने कहा कि उनका साल 2025 बहुत ही शानदार रहा है. ‘बॉर्डर 2’ का हिस्सा बनना उनके लिए किसी सपने के सच होने से कम नहीं था.
इन अनुभवों से अलग 'बॉर्डर 2’ की सक्सेस पार्टी में फिल्म के यादगार डायलॉग्स और गानों के साथ पर जश्न मनाया गया. पूरी टीम ने केक काटकर सफलता का सेलिब्रेशन किया और एक-दूसरे को बधाई दी.
/filters:format(webp)/mayapuri/media/media_files/2026/02/13/celebs-join-success-celebration-press-meet-of-1975645-124688-2026-02-13-16-56-58.webp)
'बॉर्डर 2' के बारे में
सनी देओल और वरुण धवन की फिल्म 'बॉर्डर 2' ने 20 दिनों में बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया है. यह युद्ध ड्रामा फिल्म अब दुनिया भर में 460 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है. इतना ही नहीं वैलेंटाइन वीक के दौरान भी यह एक्शन ड्रामा फिल्म दर्शकों का ध्यान खींचने में सफल रही है. फिल्म के निर्देशक अनुराग सिंह हैं. इसमें सनी देयोल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh), अहान शेट्टी सोनम बाजवा (Sonam Bajwa), मेधा राणा , और मोना सिंह जैसे कलाकार भी हैं. फिल्म 23 जनवरी 2026 को रिलीज हुई थी, जिसे रिपब्लिक डे का लंबा वीकेंड मिला था.
READ MORE:
‘प्रिडेटर: बैडलैंड्स’ अब ओटीटी पर, खास छूट के साथ घर बैठे देखें धमाकेदार फिल्म
‘फंकी’ रिलीज से पहले अनुदीप का खुलासा, अगली फिल्म होगी महिला-केंद्रित
Tags : border 2 | border 2 film | border 2 film hindi | Border 2 Film Success Press Conference | border | sunny deol | varun dhawan | about Varun Dhawan | actor Varun Dhawan
Follow Us
/mayapuri/media/media_files/2026/02/13/cover-2680-2026-02-13-18-28-19.png)