राजकुमार हिरानी पर यौन शोषण का आरोप, बॉलीवुड स्टार्स ने किया सपोर्ट

author-image
By Sangya Singh
New Update
राजकुमार हिरानी पर यौन शोषण का आरोप, बॉलीवुड स्टार्स ने किया सपोर्ट

बॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर राजकुमार हिरानी पर 'संजू' फिल्म की असिस्टेंट डायरेक्टर ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। इन आरोपों को हिरानी के वकील ने सिरे से खारिज किया है। यौन शोषण का आरोप लगते ही राजुकमार हिरानी की अगली फिल्म ‘मुन्नाभाई एमबीबीएस 3’ क्लीन चिट मिलने तक रोक दी गई है। वहीं हिरानी के ऊपर लगे इन आरोपों से बॉलीवुड को झटका लगा है।

कुछ स्टार्स इस पूरे मामले पर कुछ भी कहने से बचते नजर आए तो कुछ हिरानी के समर्थन में उतर आए हैं। राजकुमार हिरानी के समर्थन में फिल्म निर्माता बोनी कपूर भी सामने आए हैं। बोनी कपूर ने मीडिया से बात करते हुए कहा - 'राजकुमार हिरानी बेहद अच्छे व्यक्ति हैं, वह ऐसा कर ही नहीं सकते। मैं इस आरोप में विश्वास नहीं करता। वह ऐसा कुछ कर ही नहीं सकते।'

दीया मिर्जा ने कहा कि 'मैं ये खबर सुनकर बेहद दुखी हूं। राजू सर को मैं पिछले 15 सालों से जानती हूं। मैं केवल उम्मीद करती हूं कि जांच के बाद सच्चाई बाहर आ जाए। मैं अब तक तक जिन लोगों के साथ काम कर चुकी हूं उनमें वो सबसे बेहतर इंसान हैं।'

'3 इडियट्स' और 'पीके' फिल्म में काम कर चुकीं एक्ट्रेस अमरदीप झा ने भी हिरानी का सपोर्ट किया है। अमरदीप झा ने कहा- 'मैं यह खबर सुनकर हैरान हूं। मुझे इस खबर पर बिल्कुल भी विश्वास नहीं है। सेट पर वह बहुत अच्छे रहते हैं। सकारात्मक ऊर्जा से भरे हुए शख्स हैं। सेट पर सभी को समानभाव से ट्रीट करते हैं। मेरी उनसे सिर्फ सेट पर ही बात हुई है। मैं सपने में भी ऐसा सोच नहीं सकती।'

एक्टर शरमन जोशी ने भी राजकुमार हिरानी का समर्थन किया। शरमन जोशी ने ट्वीट किया - 'राजू सर, एकता, सच्चाई, दया, चरित्र और सम्मान वाले व्यक्ति हैं। यह गुण आजकल के लोगों में नहीं होते हैं। मैं उनसे बहुत प्रभावित हूं और उनसे सीखकर ही मैं एक बेहतर इंसान बना हूं। यह समय बीत जाएगा और मैं समझ सकता हूं कि यह समय कितना बुरा है।'

Latest Stories