ऋषि कपूर-इरफान खान पर आपत्तिजनक ट्वीट कर फंसे कमाल आर खान, FIR दर्ज

author-image
By Sangya Singh
New Update
ऋषि कपूर-इरफान खान पर आपत्तिजनक ट्वीट कर फंसे कमाल आर खान, FIR दर्ज

कमाल आर खान पर FIR दर्ज, ऋषि कपूर और इरफान खान पर किया था विवादित ट्वीट

एक्टर-प्रोड्यूसर कमाल आर खान अक्सर अपने विवादित बयानों और ट्वीट्स को लेकर सुर्खियों में छाए रहते हैं। लेकिन, इस बार वो अपने एक ट्वीट की वजह से मुसीबत में फंस गए हैं। हाल ही में उन्होंने दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर और इरफान खान पर एक आपत्तिजनक ट्वीट कर दिया था। जिसकी वजह से कमाल आर खान के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। बता दें कि कमाल आर खान के खिलाफ ये FIR मुंबई के बांद्रा में बुधवार को दर्ज कराई गई है। उनके खिलाफ ये FIR युवा सेना की कोर कमेटी के सदस्य राहुल कनल ने दर्ज कराई है।

केआरके ने किया अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल

दरअसल, 29 अप्रैल को ऋषि कपूर के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आई थी। जिसके बाद ही कमाल आर खान ने ऋषि कपूर के खिलाफ ट्वीट करना शुरु कर दिया था। उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर पर कमाल आर खान ने अपने एक ट्वीट में लिखा, 'ऋषि कपूर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मैं बस उनसे यह कहना चाहता हूं - सर ठीक होकर वापस आ जाना। निकल मत लेना, क्योंकि शराब की दुकान बस 2-3 दिन में खुलने ही वाली है।' गौरतलब है कि केआरके के इस ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने उनकी कड़ी निंदा की थी।

इरफान खान पर भी किया आपत्तिजनक ट्वीट

आपको बता दें कि इससे पहले कमाल आर खान ने दिवंगत अभिनेता इरफान खान के खिलाफ भी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था और कई ट्वीट किए थे। इतना ही नहीं,इरफान खान की मां सईदा बेगम के निधन के वक्त भी केआरके ने कई बेहूदा कमेंट्स किए थे। जिसमें लिखा था, 'इरफान खान को बद्दुआ लगी है, तभी वह कैंसर से जूझ रहे हैं और उनकी मां चल बसीं।' इसके बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने उनको काफी बुरा भला कहा, जिसके बाद केआरके ने अपना ट्वीट डिलीट कर दिया।

यूजर्स ने की ट्विटर अकाउंट सस्पेंड करने की मांग

इसके बाद भी केआरके ने ऐसे ट्वीट्स करना बंद नहीं किया, तो सोशल मीडिया यूजर्स ने उनका ट्विटर अकाउंट सस्पेंड करने की मांग की थी। हालांकि, ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, जब केआरके ने किसी बॉलीवुड स्टार के खिलाफ ऐसी अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया है। वो अक्सर सोशल मीडिया पर बॉलीवुड सेलेब्स को निशाना बनाते रहते हैं और उनके लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं।

ये भी पढ़ें- अनुराग कश्यप नीलाम करेंगे फिल्मफेयर अवॉर्ड, कोविड-19 टेस्ट किट्स खरीदकर करेंगे मदद

Latest Stories