पाकिस्तान: गिराई जाएगी कपूर खानदान की पुश्तैनी हवेली, बनेगा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स

author-image
By Sangya Singh
New Update
पाकिस्तान: गिराई जाएगी कपूर खानदान की पुश्तैनी हवेली, बनेगा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स

कपूर खानदान की पुश्तैनी हवेली को गिराने की तैयारी

पाकिस्तान में पेशावर शहर में स्थिति बॉलीवुड के दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर का पैतृक घर यानी कपूर खानदान की पुश्तैनी हवेली को गिराने की तैयारी की जा रही है। कपूर हवेली का मौजूदा मालिक अब वहां एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने की तैयारी कर रहा है। बता दें कि पाकिस्तान सरकार ने साल 2018 में ऋषि कपूर के अनुरोध पर पेशावर के किस्सा खवानी बाजार स्थित कपूर हवेली को एक संग्रहालय में तब्दील करने का फैसला किया था। उसके बाद पाक विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने भी ऋषि कपूर को ये भरोसा दिलाया था कि पाकिस्तान सरकार इसे संग्रहालय में तब्दील करेगी।

पाक सरकार ने कपूर हवेली को संग्रहालय में तब्दील करने का फैसला किया था

लेकिन अब वहां के लोगों का कहना है कि कपूर हवेली भयावह हो गई है। काफी पुरानी और जर्जर होने की वजह से ये कभी भी ढह सकती है। पाकिस्तान सरकार के लचर रवैये की वजह से इस हवेली के भविष्य पर संकट छा गया है। हवेली के मालिक अभी हाजी मुहम्मद इसरार हैं, जो शहर के एक समृद्ध जौहरी हैं। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की सरकार इस हवेली को खरीदना और इसके मूल रूप में ही पर्यटकों के लिये इसे संरक्षित करना चाहती है क्योंकि इसका ऐतिहासिक महत्व है। वहीं, इसरार इसे गिराकर इस जगह पर एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाना चाहते हैं।

संपत्ति की कीमत 5 करोड़ रुपये से भी ज्यादा

पहले भी इस हवेली को गिराने की कोशिश की गई, लेकिन, खैबर पख्तूनख्वा धरोहर विभाग ने उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी। खबर है कि प्रांतीय सरकार इस भवन की कीमत पर इसके मालिक से बात नहीं बन पाने की वजह से इसे संग्रहालय में तब्दील करने में नाकाम रही है। इस संपत्ति की कीमत 5 करोड़ रुपये से भी ज्यादा होने का अनुमान है। कपूर हवेली को बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता पृथ्वीराज कपूर के पिता बशेश्वरनाथ कपूर ने बनवाया था। बता दें कि कपूर परिवार मूल रूप से पेशावर से है जो 1947 में देश के विभाजन के बाद भारत आ गये थे। ऋषि 1990 में वहां गये थे। इसी हवेली में ऋषि के दादा पृथ्वीराज और पिता राज कपूर का जन्म हुआ था।

ये भी पढ़ें- उज्जैन मंदिर में अमिताभ और उनके परिवार की सलामती के लिए हुआ महामृत्युंजय जाप

Latest Stories